सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सोमवार रात एक गंभीर घटना सामने आई, जब ‘प्लेस ऑफ सेफ्टी’ की दीवार फांदकर 13 अपचारी बालक फरार हो गए। य...
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सोमवार रात एक गंभीर घटना सामने आई, जब ‘प्लेस ऑफ सेफ्टी’ की दीवार फांदकर 13 अपचारी बालक फरार हो गए। ये सभी हत्या, हत्या के प्रयास और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों में निरुद्ध थे। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
भोजन के बाद दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, रात करीब नौ बजे भोजन के बाद अपचारी बालकों को वार्ड के भीतर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान कुछ किशोरों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड पर हमला कर दिया और अफरा-तफरी के बीच परिसर की दीवार फांदकर फरार हो गए।
चार को पकड़ा गया
फरार 13 में से चार अपचारी बालकों को पुलिस ने पकड़ लिया है, जबकि शेष की तलाश जारी है। पूरे जिले में अलर्ट जारी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
क्षमता से अधिक थे निरुद्ध किशोर
प्लेस ऑफ सेफ्टी के प्रभारी भानू प्रताप ने बताया कि यह संस्थान 15 से 18 वर्ष से कम आयु के गंभीर अपराधों में संलिप्त किशोरों के लिए संचालित है। संस्थान की निर्धारित क्षमता 25 है, लेकिन घटना के समय वहां 36 बालक रखे गए थे।
प्राथमिकी दर्ज
गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण द्विवेदी ने बताया कि 13 अपचारी किशोरों के फरार होने की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।
घटना के बाद संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया जा रहा है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी फरार किशोरों को पकड़ लिया जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
.jpg)
No comments