रायपुर। खुशी और उल्लास के पर्व होली के अवसर पर छत्तीसगढ़ में पूर्व निर्धारित ‘ड्राई डे’ यथावत लागू रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने...
रायपुर। खुशी और उल्लास के पर्व होली के अवसर पर छत्तीसगढ़ में पूर्व निर्धारित ‘ड्राई डे’ यथावत लागू रहेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज ट्वीट कर इस पर कई दिनों से चल रहे कयासों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट किया है कि घोषित शुष्क दिवस के दौरान मदिरा की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और निर्धारित नियमों के अनुसार व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि प्रदेशवासी सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मना सकें।
उन्होने कहा कि होली जैसे पारंपरिक और सामाजिक सद्भाव के पर्व को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं। घोषित ड्राई डे के दौरान किसी भी दुकान, होटल, रेस्टोरेंट या क्लब में मदिरा की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।
उन्होंने बताया कि मदिरा के अवैध परिवहन और विक्रय पर रोक लगाने के लिए जिला एवं राज्य स्तर पर सख्त निगरानी के निर्देश जारी किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को नियमित जांच और गश्त बढ़ाने के साथ-साथ उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
राज्य सरकार ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सामाजिक सौहार्द व शांति बनाए रखते हुए होली का पर्व मनाएं।
.jpg)
No comments