माकड़ी । विकासखंड माकड़ी से लगभग 13 किलोमीटर दूर स्थित कांटा गांव में चल रहे प्रसिद्ध मावली देव मेले में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचान...
माकड़ी । विकासखंड माकड़ी से लगभग 13 किलोमीटर दूर स्थित कांटा गांव में चल रहे प्रसिद्ध मावली देव मेले में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने लोगों पर हमला कर दिया। घटना में करीब 15 लोग घायल हो गए, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार यह घटना शाम करीब चार बजे की है, जब मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी लोग मौजूद थे। अचानक मधुमक्खियां लोगों पर टूट पड़ीं और डंक मारना शुरू कर दिया। इससे मेले में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
लोग हाथों से मधुमक्खियों को हटाने की कोशिश करते रहे, लेकिन कई लोग उनकी चपेट में आ गए। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को उपचार के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र कांटा गांव में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने बताया कि गंभीर मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर माकड़ी स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया जाएगा।
सूचना मिलते ही स्थानीय सरपंच मोती राम मरकाम अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
कुछ दिनों पहले दुर्ग जिले के धमधा ब्लॉक के ग्राम पंचायत रूहा और राजपुर में खेत में काम कर रहे ग्रामीणों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया था। सुबह व शाम के समय हुई दो अलग-अलग घटनाओं में एक महिला की मौत हो गई थी। वहीं सात लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
source https://www.laltennews.com/2026/03/blog-post_670.html
.jpg)

No comments