रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है. राज्य जल्द ही अपने पहले महिला अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्र...
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है. राज्य जल्द ही अपने पहले महिला अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट मैच की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह तैयार है. यह ऐतिहासिक मुकाबला भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच खेला जाएगा. इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे पूरे राज्य के लिए एक अत्यंत गर्व और गौरव का क्षण बताया है.
हाल ही में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मंत्रालय महानदी भवन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की और उन्हें इस ऐतिहासिक मैच में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया. मुख्यमंत्री ने निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए संघ के पदाधिकारियों को राज्य में पहली बार महिला अंतरराष्ट्रीय मैच के आयोजन के लिए बधाई और अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ की खेल यात्रा में एक मील का पत्थर साबित होगा.
मैच के दौरान राज्य की महिलाओं और युवा खेल प्रेमियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन को महिलाओं के लिए स्टेडियम में प्रवेश नि:शुल्क रखने का एक महत्वपूर्ण सुझाव दिया, जिसे एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सहर्ष स्वीकार कर लिया.
मुख्यमंत्री का मानना है कि भारतीय और विदेशी महिला खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ की धरती पर प्रतिस्पर्धा करते देखना राज्य की बेटियों और युवा एथलीटों को अत्यधिक प्रेरित करेगा. जब लड़कियां अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ियों को पूरे आत्मविश्वास और समर्पण के साथ खेलते हुए देखेंगी, तो उनके भीतर भी खेल को अपने भविष्य और करियर के रूप में चुनने का उत्साह जागेगा.
मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि वर्तमान समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की बेटियां शानदार प्रदर्शन कर भारत का नाम रोशन कर रही हैं. राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेलों के लिए एक सकारात्मक और सहायक वातावरण बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. सरकार का उद्देश्य केवल उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार करना ही नहीं, बल्कि एक ऐसी मजबूत खेल संस्कृति का निर्माण करना है, जहां परिवार और समाज बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें.
उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ के ग्रामीण, जनजातीय और दूरदराज के क्षेत्रों में अद्भुत खेल प्रतिभाएं छिपी हुई हैं. राज्य सरकार इन ग्रामीण प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण और राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है. अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के सीधे अनुभव से स्थानीय खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय तकनीक और अनुशासन को करीब से सीखने का अवसर मिलेगा.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विश्वास जताया कि भारत-जिम्बाब्वे का यह मुकाबला छत्तीसगढ़ में महिला क्रिकेट को एक नया आयाम देगा और राज्य से कई नई प्रतिभावान खिलाड़ियों का उदय होगा. उन्होंने भारत और जिम्बाब्वे दोनों टीमों को उत्कृष्ट खेल के लिए शुभकामनाएं दीं तथा राज्य के नागरिकों एवं खेल प्रेमियों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक मुकाबले को एक उत्सव की तरह मनाएं और खिलाड़ियों का भरपूर उत्साहवर्धन करें.
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहन दास, निदेशक विजय शाह, पूर्व अध्यक्ष मुकुल तिवारी, सचिव विंतेश अग्रवाल, जी. एस. मूर्ति और विनय बजाज सहित एसोसिएशन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे.
.jpg)

No comments