बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दुर्गा पूजा का मेला घूमकर लौटे एक ही परिवार के सात सदस्य संदिग्ध फूड पॉइजनिंग का शिकार हो ...
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दुर्गा पूजा का मेला घूमकर लौटे एक ही परिवार के सात सदस्य संदिग्ध फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए हैं. सड़क किनारे पानी पूरी खाने के तुरंत बाद सभी की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (CIMS), बिलासपुर में भर्ती कराया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, परसादा गांव का रहने वाला यह परिवार रविवार रात बिलासपुर में दुर्गा पंडाल देखने आया हुआ था. आधी रात के करीब घर लौटते समय उन्होंने सड़क किनारे एक ठेले से पानी पूरी खाई. इसके कुछ ही देर बाद परिवार के सदस्यों को पेट में तेज दर्द, ऐंठन और उल्टी की शिकायत होने लगी. तबीयत लगातार बिगड़ने पर परिजनों ने सभी सात लोगों को तुरंत CIMS अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल में भर्ती मरीजों में महेश साहू (32), संतोष (27), प्रभा (26), सुमन (18), सुजिता (16), सोमेश (15) और छह वर्षीय मासूम शिवंश साहू शामिल हैं. डॉक्टरों के मुताबिक, पीड़ित बच्चों पर इसका असर ज्यादा हुआ है, जिसमें से छह साल के शिवंश को डॉक्टरों की गहन निगरानी (इंटेन्सिव ऑब्जर्वेशन) में रखा गया है.
हालांकि, डॉक्टरों ने उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई है. CIMS के चिकित्सा अधीक्षक ने पुष्टि की है कि यह मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है और सभी का इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम हरकत में आ गई है. खाद्य सुरक्षा अधिकारी उस पानी पूरी के स्टॉल की जांच कर रहे हैं. विभाग ने पानी पूरी, उसके मसालेदार पानी और अन्य सामग्रियों के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेज दिए हैं, ताकि बीमारी के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके.
.jpg)

No comments