रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना भूपदेवपुर थाना क्षेत्र की है, जहां म...
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना भूपदेवपुर थाना क्षेत्र की है, जहां मवेशी चराने गई महिला गर्म फ्लाई ऐश (राख) के ढेर में गिरकर गंभीर रूप से झुलस गई थीं। उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतका की पहचान झूलमति राठिया (निवासी डोंगाढकेल) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 9 फरवरी की सुबह वह अपनी गायों को चराने के लिए जिंदल के राख डंपिंग यार्ड के पास गई थीं। चराई के दौरान मवेशी गर्म फ्लाई ऐश के ढेर पर चढ़ गए। उन्हें हटाने के लिए झूलमति राठिया पीछे-पीछे दौड़ीं, लेकिन इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह सीधे गर्म राख में जा गिरीं।
हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गईं। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां कई दिनों तक उनका इलाज चलता रहा। हालांकि झुलसने की चोटें अत्यंत गंभीर थीं, जिसके चलते इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डंपिंग यार्ड की सुरक्षा व्यवस्था और वहां चेतावनी संकेतों की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और कहीं सुरक्षा में लापरवाही तो नहीं बरती गई।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने औद्योगिक इकाइयों से सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की मांग की है।
.jpg)
No comments